स्काउटिंग से मिले संस्कार, जीवनभर करते हैं मार्गदर्शन : संजीव
स्काउटिंग प्रशिक्षण से जागी सेवा, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की अलख, बीएड प्रशिक्षुओं में दिखा जोश
बदायूं : नेहरू मेमोरियल शिवनारायण दास पीजी कालेज में भारत स्काउट गाइड के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय इंट्रोडक्टरी कोर्स के दूसरे दिन बीएड प्रशिक्षुओं में नया उत्साह, नई ऊर्जा और अनुशासन देखने को मिला। स्काउटिंग आंदोलन, प्रार्थना, स्काउट ध्वज, राष्ट्रध्वज, टोली निर्माण, नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी के निर्वहन के गुर सिखाए गए।
पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने टोली नायकों के उत्तरदायित्वों पर विशेष बल देते हुए कहा कि एक सशक्त नेतृत्व ही किसी भी दल को सफलता की ओर अग्रसर करता है। युवा अनुशासन, सेवा और नैतिक मूल्यों के प्रति सजगता हो। स्काउटिंग से मिले संस्कार, जीवनभर मार्गदर्शन करते हैं।उन्होंने स्काउट ध्वज एवं राष्ट्रध्वज फहराने की विधि बताई। जल, जंगल और जमीन पर आधारित जीवन कौशल का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में जीवन यापन की तकनीकें, प्राकृतिक संसाधनों का संतुलित उपयोग और आत्मनिर्भरता के गुर सिखाए। जिला आयुक्त रोवर प्रो. मनवीर सिंह ने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है, यदि इसे सही दिशा और मार्गदर्शन मिले तो राष्ट्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग युवाओं में सेवा, समर्पण और अनुशासन की भावना विकसित कर उन्हें सशक्त नागरिक बनाती है।
महाविद्यालय के डा.एमएम फरशोरी ने स्काउट ध्वज फहराया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नि:स्वार्थ सेवा करें। अपने ज्ञान और ऊर्जा का उपयोग समाज और राष्ट्र के उत्थान में लगाएं।
डा. निहारिका रस्तोगी ने कहा कि स्काउटिंग बच्चों और युवाओं में देशभक्ति, चरित्र निर्माण और नेतृत्व क्षमता का समग्र विकास करती है। देश का एक जिम्मेदार नागरिक भी बनाती है।
बीएड प्रशिक्षु पूरे उत्साह के साथ गतिविधियों में भाग लेते नजर आए। प्रशिक्षु समाज और राष्ट्र के लिए एक सशक्त मार्गदर्शक के रूप में उभरेंगे।
इस मौक पर डा.मुन्ना कुमार वरुण, डा.विक्रांत उपाध्याय, सुषमा रानी, डा.लक्ष्य चौधरी, डा.आरवी पाठक, डा.संदीप नायक, डा.गौरव रस्तोगी, डा.सूरज चौधरी आदि मौजूद रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

