5:50 am Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

मिशन शक्ति अभियान के महिलाओं को सुरक्षा, आत्मनिर्भरता का दिया संदेश

मिशन शक्ति अभियान के महिलाओं को सुरक्षा, आत्मनिर्भरता का दिया संदेश
बिल्सी। महिलाओं एवं बालिकाओं को सशक्त, सुरक्षित और जागरूक बनाने के उद्देश्य से सोमवार को मिशन शक्ति अभियान के तहत नगर के रंजना हॉस्पिटल के निकट जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। केंद्र प्रभारी रचना देशवाल के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं और छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता से जुड़े विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। टीम ने साइबर अपराध, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ एवं उत्पीड़न जैसी समस्याओं से बचाव के व्यावहारिक उपाय सरल भाषा में समझाए। साथ ही महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में जानकारी देकर उनके उपयोग के प्रति जागरूक किया गया। रचना देशवाल ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में घबराने के बजाय जागरूकता और सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। उन्होंने महिलाओं से अपने अधिकारों को जानने और उनका निर्भीक होकर उपयोग करने का आह्वान किया। महिला कांस्टेबल सोनिया कुमारी व प्रियांशी तोमर ने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान कांस्टेबल राघवेन्द्र व विपिन कुमार समेत पुलिस टीम मौजूद रही।

विज्ञापन एक्सप्रेस