
कुंवरगांव। महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर पुलिस ने मिशन शक्ति फेज-5 के तहत अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को थाना कुंवरगांव क्षेत्र के कस्बा बाजार स्थित वार्ड नंबर-2 में दीदी अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और बालिकाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने घर-घर जाकर और समूह बैठक के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और आत्मनिर्भर बनने के तरीकों की जानकारी दी। साथ ही दैनिक जीवन में आवश्यक यातायात नियमों का पालन करने पर भी विशेष जोर दिया गया। पुलिस ने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं—विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना और प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना—की जानकारी देते हुए लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इसके अलावा महिलाओं और बालिकाओं को आपात स्थिति में तुरंत सहायता पाने के लिए हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। महिला पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस सेवा 112, स्वास्थ्य सेवाएं 102/108, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड लाइन 1098 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया। कार्यक्रम में महिला हेड कांस्टेबल मीना देवी, सुमन वर्मा और नीलम सक्सेना ने सहभागिता कर महिलाओं को जागरूक किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभियान के तहत आगे भी क्षेत्र में लगातार ऐसे कार्यक्रम चलाए जाएंगे, ताकि महिलाओं में सुरक्षा के प्रति विश्वास और जागरूकता बढ़े।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
