बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव बांस बरोलिया में नवरात्रि के पावन पर्व के अवसर पर ऋषि आश्रम शुभ सेवा संस्थान द्वारा संचालित वृद्ध आश्रम में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर विधि-विधान के साथ हवन-पूजन का आयोजन किया गया, जिसमें वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। यहां हवन-यज्ञ पंडित सप्पू महाराज ने पूर्ण रीति-रिवाज के साथ कराया। आश्रम में रह रहे बुजुर्गों ने भी श्रद्धा के साथ हवन में आहुति देकर मां दुर्गा से सुख-समृद्धि और स्वस्थ जीवन की कामना की। इस मौके पर संस्था के अध्यक्ष वेदव्यास शर्मा सहित शिव गौड़, हरिओम, पन्नालाल, मुकेश और गोविंद शर्मा समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने नवरात्रि के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बुजुर्गों की सेवा को सबसे बड़ा धर्म बताया। अंत में प्रसाद वितरण किया गया और उपस्थित लोगों ने आश्रम में रह रहे वृद्धजनों के साथ समय बिताकर उनका हालचाल जाना।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

