एसपीएल में सुपर इंडियन टीम ने नौ विकेट से जीता मैच
शानदार प्रदर्शन पर कपिल कुमार बने मैन ऑफ द मैच
बिल्सी। तहसील क्षेत्र के ग्राम सिरतोल में चल रहे सिरतौल प्रीमियर लीग (एसपीएल) क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार को सिरतौल रॉयल्स और सिरतौल सुपर इंडियन के बीच मुकाबला खेला गया। रोमांचक मैच में सुपर इंडियन ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 8 ओवर में ही एक विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर शानदार जीत दर्ज की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सिरतौल रॉयल्स की टीम ने निर्धारित 10 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 101 रन बनाए। टीम की ओर से मनी उपाध्याय ने सर्वाधिक 34 रन बनाए, जबकि देव कुमार ने 28, सुमित उपाध्याय ने 12 और गौरव ने 6 रन का योगदान दिया। सुपर इंडियन की ओर से आरव उपाध्याय और दिनेश ने एक-एक विकेट लिया, जबकि एक बल्लेबाज रन आउट हुआ। 102 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिरतौल सुपर इंडियन की शुरुआत शानदार रही। सलामी बल्लेबाज मोहित शर्मा और कपिल कुमार ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। पहला विकेट 76 रन के स्कोर पर मोहित शर्मा (36) के रूप में गिरा। इसके बाद कपिल कुमार ने शानदार अर्धशतक (52) लगाकर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। अंकुर शर्मा ने भी 15 रन का योगदान दिया। सुपर इंडियन की टीम ने मात्र 8 ओवर में एक विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर मैच अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ ही टीम ने टूर्नामेंट में अपना विजयी आगाज किया। रॉयल्स की ओर से कप्तान ताहिर गौरी को एकमात्र विकेट मिला। शानदार बल्लेबाजी के लिए कपिल कुमार को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। इस दौरान आयोजन समिति के पवन उपाध्याय, कपिल गुप्ता, सचिन शर्मा, आशीष पाठक, प्रदीप गुप्ता, सत्यम मिश्रा, अतीक सैफी, गोपी किशन, कमल कुमार सहित कई लोग मौजूद रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

