ठंड से बचने के लिए जलाई आग बनी आफत, झोपड़ी में लगी भीषण आग, हजारों का नुकसान
कुंवरगांव। थाना क्षेत्र के गांव बाबट में शुक्रवार अपराह्न एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां ठंड से बचने के लिए जलाई गई आग ने गरीब परिवार का आशियाना उजाड़ दिया।
गांव निवासी भूरे सिंह ने गांव से पश्चिम दिशा में एक बगीचे में झोपड़ी बनाकर रह रहे थे और वहीं बकरी पालन कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। ग्रामीणों के अनुसार, बढ़ती ठंड के चलते झोपड़ी के पास तापने के लिए आग जलाई गई थी। इसी दौरान आग की चिंगारी उड़कर झोपड़ी पर जा गिरी, जिससे झोपड़ी ने अचानक आग पकड़ ली।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और झोपड़ी में रखा कपड़ा, अनाज, लकड़ी समेत हजारों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। हालांकि गनीमत रही कि झोपड़ी में बंधी आधा दर्जन बकरियां समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल ली गईं और बड़ा नुकसान टल गया।
सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस संबंध में ग्राम प्रधान भीमसेन सागर ने बताया कि पीड़ित परिवार बेहद गरीब है और इस हादसे में उसे भारी नुकसान हुआ है। प्रशासन से मदद दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

