1:02 am Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

रातभर गूंजे जयकारे, जगराते में भक्ति रस में डूबा कुंवरगांव

कुंवरगांव। साप्ताहिक बाजार के निकट काली माता मंदिर में आयोजित जगराते में मंगलवार रात श्रद्धा और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। खुशगवार मौसम और भक्तिमय माहौल के बीच पूरी रात भजन-कीर्तन और जयकारों की गूंज से क्षेत्र गूंजता रहा। टिंकू मिश्रा भगवती दुर्गा जागरण मंडल के तत्वावधान में आयोजित जगराते का शुभारंभ आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रिंस गुप्ता उर्फ लकी और अमित गुप्ता ने मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद बरेली से आई गायिका लता ठाकुर ने गणेश वंदना गजानन आ जाओ प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। वृंदावन, पीलीभीत, आगरा और वजीरगंज से आए कलाकारों ने माता की भेंटों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को देर रात तक बांधे रखा। शेरावाली मां के भजनों पर युवा जमकर झूमे और पूरा पंडाल तालियों से गूंज उठा। जगराते के दौरान टिंकू एंड पार्टी के कलाकारों ने आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कीं। राधा-कृष्ण, कृष्ण-सुदामा, शंकर-पार्वती, मां काली का अखाड़ा और वीर बजरंगबली की झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। कार्यक्रम के समापन पर माता का प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान जय माता दी के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। इस मौके पर सुमित गुप्ता उर्फ भूरे, शिवांशु गुप्ता, शोभा गुप्ता, सलोनी गुप्ता, प्रिया गुप्ता, अरविंद रावत, गुड्डू रस्तोगी, चंद्रभान गुप्ता, अमन रस्तोगी, रामौतार, गौरव रस्तोगी, प्रमोद, प्रवीण सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस