कुंवरगांव। गांव इमलिया में जर्जर विद्युत लाइन एक बार फिर आफत बन गई। शनिवार रात खंभे पर लगी पुरानी केबिल में तेज स्पार्किंग के बाद आग लग गई, जिससे पूरे गांव की बिजली आपूर्ति अचानक ठप हो गई। बिजली गुल होते ही ग्रामीणों को पूरी रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी और करीब 16 घंटे तक आपूर्ति बाधित रही।ग्रामीणों का कहना है कि गांव में कई स्थानों पर बिजली की लाइनें बेहद पुरानी और जर्जर हो चुकी हैं। इन लाइनों में आए दिन स्पार्किंग होती रहती है, लेकिन विभाग की ओर से उन्हें बदलने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। शनिवार रात केबिल में आग लगने से पूरे गांव की सप्लाई बंद हो गई, जिससे नलकूप, घरेलू कामकाज और अन्य जरूरी गतिविधियां प्रभावित रहीं। घटना की सूचना मिलने के बाद विद्युत विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और घंटों की मशक्कत के बाद फाल्ट तलाश कर मरम्मत की। इसके बाद रविवार देर शाम आपूर्ति बहाल हो सकी। करीब 16 घंटे तक बिजली बंद रहने से ग्रामीणों में विभाग के प्रति नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों ने जर्जर लाइनों को जल्द बदलने की मांग उठाई है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com