कुंवरगांव। थाना क्षेत्र के गांव कसेर में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि गांव के ही पिता-पुत्र ने परचून की दुकान पर पहुंचे युवक को दबोच लिया और लोहे के कड़े से उसके सिर पर वार कर दिया। घायल युवक ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
थाना क्षेत्र के गांव कसेर निवासी सुशांत कुमार पुत्र स्व. धीरज सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब साढ़े सात बजे वह गांव की परचून की दुकान पर सामान लेने गया था। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद चमन पुत्र राजेंद्र ने पीछे से उस पर हाथ में पहने लोहे के कड़े से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से वह संभल भी नहीं पाया था कि चमन और उसके पिता राजेंद्र पुत्र चंद्रपाल ने उसे पकड़ लिया और जमकर मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में युवक के सिर में गंभीर चोट आ गई और वह लहूलुहान हो गया। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, जिसके बाद आरोपी वहां से निकल गए। पीड़ित ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़ित ने बताया कि उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है और वह बचपन से अपने नाना के घर कसेर में रहकर पढ़ाई कर रहा है। इस संबंध में थाना प्रभारी राजेश कौशिक ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com