




बिल्सी सीएचसी पर प्रधानमंत्री सुरक्षा मातृत्व अभियान लगा कैंप
बिल्सी। नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रधानमंत्री सुरक्षा मातृत्व अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। जिसमें क्षेत्र की करीब 25 से अधिक गर्भवती महिलाओं का टीम द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हे बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए सलाह भी दी। महिला चिकित्सक डॉ जयश्री शर्मा ने गर्भवती महिलाओं को बताया कि गर्मियों में शरीर में पानी की कमी जल्दी हो जाती है, इसलिए दिन में कम से कम 8 से 10 गिलास पानी अवश्य पीना चाहिए। इसके साथ ही नारियल पानी, नींबू पानी, छाछ और ताजे फलों के रस का सेवन भी लाभदायक होता है। उन्होंने बताया कि दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक तेज धूप में निकलने से बचना चाहिए। यदि किसी कारण बाहर जाना जरूरी हो तो छाता, टोपी या दुपट्टे का उपयोग करना चाहिए ताकि धूप से बचाव हो सके। डॉक्टर ने गर्भवती महिलाओं को हल्के और सूती कपड़े पहनने की सलाह देते हुए कहा कि इससे शरीर को ठंडक मिलती है और पसीने से होने वाली परेशानी भी कम होती है। इसके अलावा संतुलित और हल्का भोजन लेने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने बताया कि भारी और अधिक मसालेदार भोजन से बचना चाहिए। हरी सब्जियां, मौसमी फल जैसे तरबूज, खरबूजा और खीरा, साथ ही दही और सलाद का सेवन गर्भवती महिलाओं के लिए लाभदायक रहता है। इस मौके पर प्रभारी अधीक्षक डा.अनिल कुमार गुप्ता, सुमन शर्मा, शशिवाला आदि स्टाफ मौजूद रहा।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

