गिंदो देवी महिला महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के अधिकारों, सम्मान और सशक्तिकरण के प्रति समाज में जागरूकता फैलाना तथा छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. सरला चक्रवर्ती द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर छात्राओं ने महिला सशक्तिकरण, शिक्षा के महत्व तथा समाज में महिलाओं की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में स्वयंसेविकाओं द्वारा भाषण, पोस्टर प्रस्तुति, निबंध पाठ एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया गया।
अपने संबोधन में प्राचार्या ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं की उपलब्धियों का सम्मान करने और उनके अधिकारों के प्रति समाज को जागरूक करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि आज की महिला हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही है और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। छात्राओं को शिक्षा, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को अपनाकर अपने जीवन के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर महिला स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता एवं कानूनी अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ भी साझा की गईं। एनएसएस स्वयंसेविकाओं ने महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और सामाजिक समानता के विषय में जागरूकता फैलाने के लिए संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रीति वर्मा के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में स्वयंसेविकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं में सामाजिक उत्तरदायित्व और महिला सशक्तिकरण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रयास किया गया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
जिला संवाददाता सौम्य सोनी की रिपोर्ट —



badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com