बिल्सी । बदायूं जिले के बिल्सी नगर के मोहल्ला नंबर 5 में जल भराव की समस्या से परेशान लोगों ने सड़क उखाड़कर रास्ता बंद कर दिया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में आवागमन बाधित हो गया और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि यह कदम होली पर्व के दिन उठाया गया। उन्होंने मुख्य सड़क को उखाड़ दिया और उस पर ईंटें डालकर आवागमन पूरी तरह रोक दिया। लोगों का कहना है कि वे लंबे समय से इस समस्या से जूझ रहे थे।
स्थानीय निवासी सनी कुमार ने आरोप लगाया कि मोहल्ला नंबर 5 की मुख्य सड़क पर लंबे समय से जल भराव रहता है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।
लोगों ने मांग की है कि जल भराव की समस्या का शीघ्रता से समाधान किया जाए, ताकि उन्हें इस परेशानी से मुक्ति मिल सके। वहां से गुजर रहे अन्य लोगों ने भी कहा कि यदि समस्याओं का निराकरण नहीं होगा, तो लोग इसी तरह विरोध प्रदर्शन करेंगे।
इस मामले पर नगर पालिका अध्यक्ष पति ओम प्रकाश सागर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आश्वासन दिया कि होली के बाद उक्त सड़क पर हो रही जल भराव की समस्या का निराकरण कराया जाएगा।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

