हाइवे पर आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें, दंपति समेत चार घायल
कछला-शाहबाद हाइवे पर गांव परौली के पास हुआ हादसा
बिल्सी। कछला-शाहाबाद हाईवे पर ग्राम परौली के पास सोमवार की दोपहर को दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दंपति समेत चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने सभी घायलों को बिल्सी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मिली जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव जरसैनी निवासी सूरजपाल पुत्र मोहनलाल अपनी पत्नी रेखा देवी और बहन रोशनी के साथ बाइक से बिसौली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर ग्राम परौली के पास सामने से आ रहे कस्बा मुड़िया धूरेकी निवासी श्रीपाल कश्यप पुत्र प्यारेलाल की बाइक से उनकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस कर्मियों ने घायलों को उपचार के लिए बिल्सी सरकारी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

