8:54 pm Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

ताबड़तोड़ चोरियो से सहमा कुंवरगांव इलाका, किसानों में बढ़ी बेचैनी

नलकूपों और मंदिर के बाद फिर कई ट्यूबवेल बने निशाना

कुंवरगांव। थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। बीते कुछ दिनों में अज्ञात चोरों ने एक के बाद एक कई वारदातों को अंजाम देकर पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे अधिक नुकसान किसानों को उठाना पड़ रहा है, जिनके निजी नलकूपों को निशाना बनाया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, सबसे पहले थाना क्षेत्र के गांव प्रहलादपुर में बीती मंगलवार रात आधा दर्जन से अधिक किसानों के नलकूपों पर धावा बोला गया। चोर वहां से बैटरी, स्टार्टर, केबिल और पाइप सहित हजारों रुपये का सामान समेट ले गए। इसके अगले ही दिन हसनपुर गांव स्थित एक शनि मंदिर में चोरी की घटना सामने आई, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश और बढ़ गया।

इसी क्रम में शुक्रवार की रात हरिनगला और बाबट गांव में भी चोर सक्रिय रहे। किसानों के मुताबिक, करीब एक दर्जन से अधिक ट्यूबवेलों में नकब लगाकर या ताले तोड़कर चोरी की गई। हरिनगला निवासी प्रमोद, कुंवरपाल, भूरे, संजू, बृहमसिंह, बकील समेत कई किसानों के नलकूपों से बैटरी, स्टार्टर और तार चोरी हो गए। वहीं बाबट गांव के नेतराम, कमल, मुकेश, रोहताश, कीर्तीभान और बेचे सहित अन्य किसानों को भी नुकसान उठाना पड़ा।

सुबह जब किसान खेतों पर पहुंचे तो नलकूपों के दरवाजे टूटे मिले और सामान गायब था। कटे हुए केबिल खेतों में दूर-दूर तक बिखरे पड़े मिले।

लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है। किसानों का कहना है कि रात में चोरों की आवाजाही के बावजूद प्रभावी गश्त नजर नहीं आती, जिससे उनके हौसले बढ़ रहे हैं।

इस संबंध में थाना प्रभारी राजेश कौशिक का कहना है कि अभी तक किसी प्रकार की लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।

क्षेत्र में बढ़ती वारदातों को लेकर ग्रामीण पुलिस से सख्त कार्रवाई और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.