कुंवरगांव। थाना क्षेत्र के ग्राम मढ़िया भांसी में देर रात एक युवक के संदिग्ध रूप से घूमने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पीआरवी 6625 टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पूछताछ के दौरान युवक अपनी सही पहचान और पता बताने में असमर्थ दिखा, जिस पर पुलिस ने एहतियातन उसे थाने लाकर बैठाया और मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी।
थाने पर शालीनता से की गई बातचीत में युवक ने अपना नाम आरिफ पुत्र शाकिर अली, निवासी मोहल्ला तकिया कस्ती, थाना कैमरी, जनपद रामपुर बताया। इसके बाद संबंधित क्षेत्र के सभासद की मदद से परिजनों से संपर्क साधा गया। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य रात में ही थाने पहुंच गए।
परिजनों ने बताया कि आरिफ मानसिक रूप से कमजोर है और उसका इलाज चल रहा है। करीब दस दिन पहले उसके पिता शाकिर अली इलाज के सिलसिले में बदायूं की बड़ी ज्यारत आए थे, उसी दौरान आरिफ अचानक बिना बताए कहीं चला गया था। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका था।
पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए सुपुर्दगी नामा तैयार किया और युवक को उसके पिता शाकिर अली व भाई आसिफ के सुपुर्द कर दिया। परिवार ने पुलिस का आभार जताया।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

