सुंदरनगर में 147 बच्चों का हुआ खसरा टीकाकरण
बिल्सी। शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिल्सी की टीम द्वारा सुंदरनगर स्थित एसकेएलएम स्कूल में खसरा उन्मूलन अभियान के तहत विशेष टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कक्षा एक से पांच तक के 147 छात्र-छात्राओं को खसरे का टीका लगाया गया। एएनएम शशि ने बच्चों को वैक्सीन लगाई। टीकाकरण के दौरान बच्चों में उत्साह देखने को मिला और उन्होंने पूरे सहयोग के साथ टीका लगवाया। स्वास्थ्य टीम ने बच्चों को खसरे के लक्षण, बचाव और उपचार के बारे में भी जागरूक किया। सीएचसी बिल्सी के प्रभारी चिकित्साधीक्षक डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि विभाग की ओर से इन दिनों खसरा उन्मूलन अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खसरा एक संक्रामक बीमारी है, जो वायरस के माध्यम से फैलती है। इसके प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, खांसी, जुकाम, आंखों में लालिमा और शरीर पर लाल चकत्ते शामिल हैं। समय पर टीकाकरण से इस बीमारी से प्रभावी बचाव संभव है। इस मौके पर विद्यालय की प्रधानाचार्या रजनी शर्मा, अजय कुमार, वीरवती, अनीता देवी, ललिता सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

