10:21 am Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

बदायूं में किन्नरों के दो पक्षों में बवाल, चार को बंधक बनाकर मारपीट का आरोप

कुंवर गांव बदायूं। जिले में किन्नरों के दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश एक बार फिर खुलकर सामने आ गई। आरोप है कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष की चार किन्नरों को रास्ते में घेरकर बंधक बना लिया और उनके साथ मारपीट की। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, कुंवरगांव क्षेत्र के वार्ड संख्या सात निवासी रज्जो किन्नर के चार चेले—मुस्कान, विनीता, बबलू और किशन—महाशिवरात्रि मेले में कार्यक्रम करने बिल्सी क्षेत्र के दुधौनी गांव गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सोमवार तड़के वे ऑटो से वापस लौट रहे थे। आरोप है कि अंबियापुर चौराहे के पास दूसरे गुट के लोगों ने उन्हें रोक लिया।

पीड़ित पक्ष का कहना है कि 15-20 लोगों ने मिलकर उन्हें जबरन वाहन से उतारा और अपने साथ ले गए। इसके बाद एक मकान में ले जाकर उनके साथ मारपीट की गई। आरोप यह भी है कि हमलावरों ने नगदी और जेवरात छीन लिए तथा अपमानित करने के उद्देश्य से उनके बाल काट दिए।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान एक पीड़ित को मोबाइल मिल गया, जिससे यूपी-112 पर सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख आरोपित मौके से फरार हो गए। पुलिस ने चारों को मुक्त कराकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

घटना के संबंध में पीड़ित पक्ष ने बिल्सी थाने में तहरीर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपों की पड़ताल की जा रही है।

विज्ञापन एक्सप्रेस