कस्बा कुंवरगांव में आज दिन शुक्रवार को मांझे से होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन द्वारा सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में थाना कुंवरगांव के थाना अध्यक्ष द्वारा कस्बे में चाइनीज मांझे की व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया तथा आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पैदल गश्त भी की गई।
थाना अध्यक्ष ने पुलिस बल के साथ कस्बे के प्रमुख बाजारों, चौराहों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं संवेदनशील स्थानों पर पैदल भ्रमण कर की जांच की। इस दौरान पतंग उड़ाने में प्रयुक्त चाइनीज मांझे की बिक्री एवं उपयोग को लेकर आम नागरिकों को सख्त हिदायत दी गई। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि चाइनीज मांझा प्रतिबंधित है और इसके प्रयोग से जान-माल का गंभीर खतरा बना रहता है।
पैदल गश्त के दौरान थाना अध्यक्ष ने आम नागरिकों से संवाद भी किया और उनसे अपील की कि वे चाइनीज मांझे का प्रयोग न करें तथा इसकी जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। उन्होंने बताया कि चाइनीज मांझे से अब तक कई हादसे हो चुके हैं, जिनमें राहगीर, वाहन चालक और पक्षी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
थाना अध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति चाइनीज मांझे की बिक्री, भंडारण या उपयोग करते हुए पाया गया तो उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस टीम को नियमित रूप से गश्त बढ़ाने और सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
इस अभियान से कस्बे के लोगों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान लगातार चलते रहने चाहिए, जिससे भविष्य में किसी भी प्रकार की अनहोनी को रोका जा सके।
रिपोर्ट अनुज रस्तोगी कुंवरगाँव

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

