हवन-यज्ञ के साथ शिव महापुराण कथा का समापन
विशाल भंडारे में उमड़ा जनसैलाब
बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव नगला डल्लू स्थित रामदास बृजलाल मेमोरियल इंटर कॉलेज परिसर में पिछले सात दिनों से चल रही शिव महापुराण कथा का रविवार को विधिविधान से हवन-यज्ञ के साथ समापन हो गया। समापन अवसर पर विद्यालय के समस्त स्टाफ, ग्रामीणों व श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुतियां अर्पित कर देश व समाज के कल्याण की कामना की। कथा के दौरान कथावाचक दीपक शंखधार ने प्रतिदिन भगवान शिव की महिमा, उनके विभिन्न स्वरूपों और जीवन में शिव तत्व के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। कथा स्थल पर पूरे सप्ताह भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं की नियमित उपस्थिति रही। समापन दिवस पर विशेष हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने सहभागिता निभाई। हवन-यज्ञ के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर भोलेनाथ का प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं ग्रामवासियों का सराहनीय सहयोग रहा।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

