शिव भक्ति से कष्ट दूर होते हैं और मन को शांति प्राप्त होती है
नगला डल्लू में संपन्न हुई शिव महापुराण कथा
बिल्सी। तहसील क्षेत्र के ग्राम नगला डल्लू स्थित रामदास बृजलाल मेमोरियल इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित शिव महापुराण कथा का समापन भक्ति भाव के साथ हुआ। अंतिम दिन कथावाचक दीपक कृष्ण शंखधार ने भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों, 11 रुद्र अवतारों एवं चंद्र-मुंड की कथा का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने बताया कि शिव भक्ति से जीवन के कष्ट दूर होते हैं और मन को शांति प्राप्त होती है। कथा के दौरान 12 ज्योतिर्लिंगों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ये शिव के दिव्य स्वरूप के प्रतीक हैं और प्रत्येक ज्योतिर्लिंग मानव को अलग-अलग संदेश देता है। 11 रुद्र अवतारों की कथा सुनाते हुए उन्होंने बताया कि ये अवतार अधर्म के विनाश और धर्म की स्थापना के लिए प्रकट हुए। वहीं चंद्र-मुंड की कथा के माध्यम से अहंकार त्याग कर भक्ति मार्ग अपनाने का संदेश दिया गया। कथा के समापन पर भजन-कीर्तन हुआ, जिसमें श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। कार्यक्रम में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। अंत में आयोजकों ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया और प्रसाद वितरण किया।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

