1:10 pm Wednesday , 22 July 2026
BREAKING NEWS

जमीन विवाद में बुजुर्ग पर हमला कर अंगूठा काटने की आरोपी पुत्रवधू पुलिस गिरफ्त में

जमीन हड़पने की साजिश रचकर ससुर पर सोते समय किया था हमला

कुंवरगांव। थाना कुंवरगांव क्षेत्र के ग्राम इमलिया में जमीन विवाद को लेकर बुजुर्ग पर जानलेवा हमला कर अंगूठा काटने की सनसनीखेज घटना में शामिल पुत्रवधू को पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया।

मिली जानकारी के अनुसार, पांच बीघा कृषि भूमि पर कब्जा करने की नीयत से एक पुत्रवधू ने अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर 72 वर्षीय ससुर पर सोते समय हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था, जिसके बाद दोनों फरार हो गए थे।

बताया जाता है कि पीड़ित महताव पुत्र तोताराम निवासी ग्राम इमलिया के नाम लगभग पांच बीघा उपजाऊ कृषि भूमि दर्ज है। आरोप है कि पुत्रवधू जयन्ती उक्त जमीन अपने नाम कराने का लगातार दबाव बना रही थी। इसी बात को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद और तनाव की स्थिति बनी हुई थी। यह भी बताया गया कि महताव का बेटा मानसिक रूप से कमजोर है, जिसका फायदा उठाकर जमीन हड़पने की साजिश रची गई।

परिजनों के अनुसार, 20 जनवरी की रात करीब 11:30 बजे जयन्ती ने अपने साथी रोहित उर्फ बुधिया पुत्र महीपाल निवासी ग्राम इमलिया को घर बुलाया। इसके बाद दोनों ने चारपाई पर सो रहे बुजुर्ग पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। सिर पर लगातार वार किए गए, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और हाथ का अंगूठा कटकर अलग हो गया।

शोर सुनकर महताव की बहन नेकसो पत्नी स्वर्गीय आशाराम की नींद खुली, जिन्होंने भाई को खून से लथपथ हालत में देखा। इसी बीच आरोपी युवक मौके से फरार हो गया।

बृहस्पतिवार को कुंवरगांव पुलिस ने आरोपी पुत्रवधू जयन्ती पत्नी लालाराम को बदायूं–कुंवरगांव मार्ग स्थित गंगा एक्सप्रेसवे ब्रिज के पास से समय करीब 10:50 बजे गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।

वहीं घटना में शामिल पुत्रवधू का प्रेमी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। अब देखना यह है कि पुलिस फरार आरोपी तक कब तक पहुंच पाती है।

पुत्रवधू को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक सुकेन्द्रपाल सिंह, कांस्टेबल अनुज कुमार एवं महिला कांस्टेबल दामिनी शामिल रहीं।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.