ग्राम सभा की 47 बीघा भूमि से हटवाया अवैध कब्जा
तहसील टीम की कार्रवाई से मचा हड़कंप
बिल्सी। तहसील क्षेत्र के ग्राम रुदैना घंघौसी में सोमवार को ग्राम सभा की सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को तहसील प्रशासन की राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर कब्जा मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान भूमि पर उगाई जा रही फसल को ट्रैक्टर से जुतवाकर समतल कर दिया गया, जिससे कब्जाधारकों में खासा हड़कंप मच गया। नायब तहसीलदार बदन सिंह यादव ने बताया कि गांव में सोत नदी किनारे स्थित दी खारे की करीब 47 बीघा ग्राम सभा भूमि पर गांव के खुशीराम, चंद्रपाल, राजन, एहलकार सिंह, उदयवीर सिंह समेत दर्जन भर लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर फसल बोना शुरू कर दिया था। इस संबंध में गांव के कुछ लोगों ने एसडीएम प्रेमपाल सिंह से इसकी शिकायत की थी। शिकायत के बाद सोमवार को तहसील की राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध कब्जा हटवाया और फसल को नष्ट कराकर भूमि को समतल कराया गया, ताकि दोबारा कब्जा न किया जा सके। नायब तहसीलदार ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति पुनः उक्त भूमि पर कब्जा करने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ भू-माफिया अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर राजस्व टीम में हरपाल सिंह, गारिमा सिंह, रणजीत सिंह, पीसी सिंह एवं पुलिस बल मौजूद रहा।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

