7:36 am Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर मोहल्ला आठ में हंगामा – बिल्सी

स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर मोहल्ला आठ में हंगामा
पुलिस की मौजूदगी में हुए स्थापित मीटर
बिल्सी। नगर के मोहल्ला संख्या आठ में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची बिजली विभाग की टीम पर जबरन मीटर लगाने के आरोप लगे, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों के विरोध के चलते मौके पर भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद पुलिस को बुलाना पड़ा। पुलिस की मौजूदगी में अंततः स्मार्ट मीटर लगाए गए। मोहल्ला संख्या आठ निवासी किसान नेता पप्पू अली ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग की टीम लोगों की सहमति के बिना जबरन स्मार्ट मीटर लगा रही है, जबकि मोहल्ले के कुछ लोग फिलहाल स्मार्ट मीटर नहीं लगवाना चाहते। उन्होंने कहा कि जब तक सभी लोग तैयार न हों, तब तक किसी एक हिस्से में मीटर लगाना उचित नहीं है। सरताज अल्वी ने आरोप लगाया कि टीम एकतरफा कार्रवाई कर रही है। उन्होंने मांग की कि जब पूरे क्षेत्र में एक साथ स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे, तभी उनकी बस्ती के लोग भी इसे लगवाने के लिए तैयार होंगे। कुछ लोगों ने इस संबंध में अधिकारियों से भी आपत्ति दर्ज कराई, लेकिन इसके बावजूद मीटर लगाए जाने का आरोप है। विरोध बढ़ने पर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कोतवाली पुलिस को मौके पर बुलाया गया। पुलिस की मौजूदगी में बिजली विभाग की टीम ने कार्य को पूरा किया। इस संबंध में विद्युत उपखंड अधिकारी जेपी राजपूत ने बताया कि मोहल्ला संख्या आठ में नियमानुसार स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन उपभोक्ताओं ने आपत्ति जताई थी, उनके यहां चेक मीटर भी लगाए गए हैं। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से अपील की कि वे स्मार्ट मीटर लगवाने में सहयोग करें, जिससे पारदर्शिता बढ़े और उपभोक्ताओं को सटीक बिलिंग का लाभ मिल सके।

विज्ञापन एक्सप्रेस