7:37 am Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

ईदगाह कब्रिस्तान में डेढ़ सौ साल पुरानी कब्र खोदी

सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर जाकर शुरु की जांच
बिल्सी। नगर के अगोल मार्ग पर स्थित ईदगाह कब्रिस्तान में अज्ञात लोगों ने रात में एक डेढ़ सौ वर्ष पुरानी कब्र को खोद दिया। सुबह कब्र में गड्ढा दिखाई देने पर लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर कोतवाल मनोज कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। ईदगाह कमेटी के हाजी मोहम्मद अनीस खान ने बताया कि वह रोजाना अपने पूर्वजों की कब्र पर फातिहा पढ़ने आते हैं। रविवार सुबह जब वह कब्रिस्तान पहुंचे तो उन्होंने देखा कि लगभग डेढ़ सौ वर्ष पुरानी कब्र में गहरा गड्ढा किया गया है। इसके बाद उन्होंने अन्य लोगों को जानकारी दी। सूचना मिलते ही कमेटी के सदस्य और समाज के लोग मौके पर पहुंच गए और कोतवाली पुलिस को सूचना देकर अवगत कराया। मोहल्ला संख्या दो निवासी सरफराज अंसारी ने बताया कि इससे पहले भी कब्रिस्तान में दो कब्रों को अज्ञात लोगों द्वारा खोदकर नुकसान पहुंचाया जा चुका है। इस बार करीब 150 से 200 वर्ष पुरानी कब्र में 10 से 15 फीट गहरा गड्ढा किया गया है। गड्ढा देख लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने कमेटी के लोगों को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया और कब्र को बंद कराया। लोगों के बीच चर्चा रही कि यह हरकत किसी तांत्रिक या सिरफिरे व्यक्ति की हो सकती है। कब्र बंद होने के बाद लोग अपने-अपने घर लौट गए। पुलिस ने पूरे मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।

विज्ञापन एक्सप्रेस