बिल्सी । बदायूं जिले के बिल्सी थाना क्षेत्र में एक ई-रिक्शा के नीचे मिले शव की शुक्रवार को शिनाख्त हो गई। मृतक की पहचान बिशारतगंज थाना क्षेत्र के राधेनगर निवासी मुनेश के रूप में हुई है। परिजनों ने बिल्सी थाने पहुंचकर हत्या का आरोप लगाया है और पुलिस को तहरीर दी है।
मृतक के भाई बिजेंद्र ने आरोप लगाया कि 12 जनवरी को एक युवक उनके भाई मुनेश को ई-रिक्शा बुक कर अपने साथ ले गया था। इसके बाद से मुनेश लापता थे। परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। बिल्सी थाना पुलिस ने 15 जनवरी को परिजनों को मुनेश की मौत की सूचना दी।
इसके बाद परिजन 16 जनवरी को बिल्सी थाने पहुंचे और उक्त व्यक्ति पर मुनेश की हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। बिल्सी क्राइम इंस्पेक्टर बीके मौर्य ने बताया कि 13 जनवरी को थाना क्षेत्र के वजीरगंज मार्ग स्थित घगोसी गांव के पास एक ई-रिक्शा के नीचे एक युवक का शव दबा हुआ मिला था।
शव को कब्जे में लेकर ई-रिक्शा के नंबर के जरिए शिनाख्त का प्रयास किया गया और परिजनों को सूचना दी गई। परिजनों ने आज थाने पहुंचकर हत्या का आरोप लगाया है। बिल्सी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
Oplus_16908288
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

