बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गुधनी-खौंसारा गांव में सरकारी तालाब पर अवैध निर्माण कर कब्जा किए जाने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने सोमवार को तहसील जाकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए प्रशासन से तालाब को कब्जा मुक्त कराने की मांग करते हुए एसडीएम प्रेमपाल सिंह को एक ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए बताया कि गांव के बेहटा गुंसाई मोड़ के पास स्थित सरकारी तालाब पर गांव के ही कुछ दंबग लोग पक्की दीवार खड़ी कर कब्जा कर रहे हैं। जिससे तालाब का अस्तित्व खतरे में पड़ गया है।मामले को लेकर ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से तहसील पहुंचकर जमकर हंगामा किया और अधिकारियों को एक ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने मांग की कि शीघ्र कार्रवाई कर सरकारी तालाब को कब्जा मुक्त कराया जाए। इस मौके पर ग्राम प्रधान लक्ष्मण चंद्र शर्मा, सोहनपाल, महेंद्र सिंह, रामअवतार, प्रेम सागर, रामसेवक, सत्यभान, ज्ञानचंद्र, अजयपाल, अमर शर्मा, पप्पू, रतन पाल, योगेश कुमार, राजू आदि मौजूद रहे। इधर, प्रेमपाल सिंह ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए राजस्व टीम को मौके पर भेजकर निर्माण कार्य रुकवाने और जांच कर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। सरकारी तालाब पर किसी तरह का कब्जा नहीं होने दिया जाएगा।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

