10:38 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

बुद्ध कथा में सम्राट अशोक और डॉ. आंबेडकर के आदर्शों पर डाला प्रकाश

बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव दबिहारी में सामुदायिक भवन पर चल रही भगवान बुद्ध और भीम की कथा के तीसरे दिन कथावाचक रुबी बौद्ध एवं शिशुपाल बौध्द ने सम्राट अशोक के जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने कलिंग विजय और उसके बाद सम्राट अशोक के जीवन में आए ऐतिहासिक परिवर्तन का भावपूर्ण वर्णन किया। कथावाचक ने बताया कि कलिंग युद्ध में हुई भारी जनहानि और भीषण हिंसा ने सम्राट अशोक के हृदय को भीतर तक झकझोर दिया। इसी पीड़ा ने उन्हें युद्ध और हिंसा का मार्ग त्यागने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद सम्राट अशोक ने भगवान बुद्ध के धम्म को अपनाकर शांति, करुणा और अहिंसा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि धम्म को अपनाकर सम्राट अशोक ने न केवल अपने जीवन को बदला, बल्कि पूरे समाज को मानवता, प्रेम और सद्भाव की राह दिखाई। कथावाचक शिशुपाल बौध्द ने डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवन पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि डॉ. आंबेडकर ने शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय के लिए आजीवन संघर्ष किया और समाज सुधार के क्षेत्र में ऐतिहासिक योगदान दिया। उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। इस मौके पर सुरेश पाल, कुंवरपाल, गजेंद्र पाल सिंह, सुखबीर सिंह, अंशुल बौद्ध, सुमित कुमार, श्रीकृष्णा, बांकेलाल, प्रदीप कुमार आदि मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस