2:17 am Wednesday , 22 July 2026
BREAKING NEWS

बदायूं में पुलिस सम्मान समारोह आयोजित, ज्वेलर्स लूट मामलों के सफल खुलासे पर पुलिस टीम सम्मानित

आज दिनांक 11 जनवरी 2026 को राजमहल गार्डन में बदायूं ज्वेलर्स एसोसिएशन एवं भारत विकास परिषद, बदायूं के संयुक्त तत्वावधान में पुलिस सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया।

कार्यक्रम में बदायूं जनपद में विगत दिनों ज्वेलर्स के यहां हुई आपराधिक घटनाओं— जिनमें जुगल किशोर ज्वेलर्स, प्रहलादलाल ज्वेलर्स बदायूं, खितौरा में दिनदहाड़े सराफा लूट तथा गुलडिया में हुई लूट की घटनाएं शामिल हैं— के सफल अनावरण एवं लूट के समस्त सामान की बरामदगी पर पुलिस टीम को सम्मानित किया गया।

एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में किए गए इस उत्कृष्ट कार्य के लिए एसएसपी सहित पुलिस की पूरी टीम को प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो एवं शाल पहनाकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में एसपी सिटी, एसपी देहात, क्षेत्राधिकारी बदायूं, उझानी व बिल्सी, एसओजी टीम, सर्विलांस टीम, एसएचओ कोतवाली, एसएचओ सिविल लाइन्स, आरआई पुलिस लाइन, महिला थाना टीम, स्वाट टीम, महिला शक्ति मिशन एवं पीआरओ शामिल रहे।

सभा का संचालन आर.के. उपाध्याय (कोषाध्यक्ष भारत विकास परिषद) एवं समाजसेवी रचना शंखधार द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। आर.के. उपाध्याय ने एसएसपी महोदय का परिचय देते हुए उनके कार्यकाल में हुई घटनाओं का 48 घंटे के भीतर सफल खुलासा करने पर पुलिस टीम की सराहना की।

इस अवसर पर एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए आश्वासन दिया कि भविष्य में भी पुलिस टीम जनता के दुख-दर्द को अपना समझकर इसी प्रकार निष्ठा से कार्य करती रहेगी।

कार्यक्रम में दिवाकर वर्मा एडवोकेट ने पुलिस टीम के सम्मान में सुंदर कविता एवं मुक्तक प्रस्तुत किए।

अंत में सभा अध्यक्ष द्वारा पुलिस टीम, ज्वेलर्स एसोसिएशन, भारत विकास परिषद एवं सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया। कार्यक्रम अत्यंत सफल रहा तथा बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.