बिल्सी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर को पीएम सुरक्षा मातृत्व अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं के लिए शिविर आयोजित किया गया। जिसमें क्षेत्र की करीब 25 से अधिक गर्भवती महिलाओं का टीम द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। स्त्री रोग विशेषज्ञ डा.जयश्री शर्मा ने गर्भवती महिलाओं को सर्दी के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाएं अपने स्वास्थ्य के साथ-साथ नवजात शिशुओं का भी पूरा ध्यान रखें, ताकि किसी भी प्रकार का खतरा उत्पन्न न हो। डॉ. शर्मा ने बताया कि वर्तमान में सर्दी का मौसम चल रहा है, जिसमें थोड़ी सी लापरवाही भी गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के लिए गंभीर समस्या का कारण बन सकती है। ठंड के कारण सर्दी-जुकाम, निमोनिया व अन्य संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है, जिससे मां और बच्चे दोनों को नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को गर्म कपड़े पहनने, संतुलित आहार लेने, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने और शिशुओं को ठंड से बचाने के उपाय अपनाने की सलाह दी। साथ ही नवजातों को खुले वातावरण में ठंड से बचाकर रखने, साफ-सफाई का ध्यान रखने और किसी भी परेशानी पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करने की अपील की। इस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने भी महिलाओं को सर्दी के मौसम में बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। इस मौके पर सुमन शर्मा, अमृता पाल, शशिबाला समेत कई स्टाफ नर्स मौजूद रही।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

