1:01 pm Saturday , 1 August 2026
BREAKING NEWS

वीर बाल दिवस के अवसर पर जनपद में होंगे कार्यक्रम आयोजित

बदायूँ : 26 दिसम्बर। जिलाधिकारी अवनीश राय ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार जनपद में वीर बाल दिवस के अवसर पर 26 दिसम्बर 2025 को जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रातः 10ः45 बजे अटल बिहारी वाजपेयी सभागार, कलेक्ट्रेट बदायूँ में सम्पन्न होगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य वीर बालकों के अद्वितीय साहस, त्याग एवं राष्ट्रभक्ति को स्मरण करते हुए बालक-बालिकाओं में देशप्रेम, नैतिक मूल्यों एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विद्यालयों से चयनित बालक-बालिकाएं प्रतिभाग करेंगी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, देशभक्ति गीत, स्वागत गीत, भाषण एवं वीर बालकों के जीवन पर आधारित गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। जिला विद्यालय निरीक्षक एवं शिक्षा विभाग द्वारा छात्रों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। जिला प्रोबेशन अधिकारी द्वारा कार्यक्रम स्थल पर बच्चों हेतु जलपान, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएँ कराई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था पुलिस प्रशासन द्वारा तथा स्वास्थ्य सेवाएँ मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देशन में उपलब्ध कराई जाएंगी। कार्यक्रम में सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

विज्ञापन एक्सप्रेस