10:27 am Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

फ्यूचर लीडर्स स्कूल में कंबल वितरण समारोह, विद्यार्थियों ने बढ़ाया समाजसेवा का हाथ

फ्यूचर लीडर्स स्कूल में कंबल वितरण समारोह, विद्यार्थियों ने बढ़ाया समाजसेवा का हाथ


बिल्सी । फ्यूचर लीडर्स स्कूल के प्रांगण में श्री बालाजी एजुकेशनल वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में एक भावनात्मक और प्रेरणादायी कंबल वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से कड़कड़ाती ठंड में जरूरतमंद एवं असहाय लोगों को राहत पहुँचाने का सराहनीय प्रयास किया गया, जिसमें विद्यालय के विद्यार्थियों ने समाजसेवा की भावना को साकार रूप दिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार श्री ललित मोहन वार्ष्णेय एवं अरिहंत वृक्षारोपण समिति के संस्थापक ‘ट्री मैन’ श्री प्रशांत जैन की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और संवेदनशीलता के साथ अपने हाथों से जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए और सेवा, करुणा तथा मानवीय मूल्यों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त किया।
विद्यालय के डायरेक्टर श्री वी. पी. सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने बताया कि कंबल वितरण जैसे सेवा कार्य न केवल जरूरतमंदों को राहत देते हैं, बल्कि विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण में भी अहम भूमिका निभाते हैं।
विद्यालय के एमडी श्री राहुल कुमार सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय केवल शैक्षणिक ज्ञान का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार, संवेदना और सेवा भावना का पथप्रदर्शक भी होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी समाजोपयोगी कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया तथा कहा कि समाज सेवा से करुणा, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री रविंद्र सिंह ने विद्यार्थियों की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में मानवता, सहयोग और नेतृत्व गुणों को सशक्त बनाते हैं तथा उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, समन्वयकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इसी प्रकार के समाजसेवी कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जूनियर कॉर्डिनेटर परमेंद्र सिंह, प्राइमरी कॉर्डिनेटर केशव शर्मा, प्री-प्राइमरी कॉर्डिनेटर राखी गुप्ता सहित विद्यालय परिवार के अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे, जिनकी सक्रिय सहभागिता से यह आयोजन सफल एवं स्मरणीय बन सका।

विज्ञापन एक्सप्रेस