12:43 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

बमेढ़ गांव में जलभराव से संक्रामक रोगों का खतरा, ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी

बिल्सी। बदायूं जिले के अंबियापुर ब्लॉक के बमेढ़ गांव में मुख्य सड़क पर जलभराव और गंदगी के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद इस समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
बमेढ़ निवासी शांति देवी ने बताया कि सड़क पर पानी भरने और गंदगी के कारण गांव के लोगों को निकलने में काफी दिक्कत होती है। कई बार लोग सड़क पर गिरकर घायल भी हो चुके हैं। ग्रामीण पप्पू सिंह ने जानकारी दी कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।
तुलसी देवी ने बताया कि अभी बरसात का मौसम नहीं है, फिर भी सड़क पर जलभराव हो गया है, जिससे स्थिति और खराब हो गई है। ग्रामीण गोपाल ने आरोप लगाया कि पिछले पांच सालों में सड़कों का कोई विकास नहीं हुआ है, जिसके कारण अधिकांश सड़कें टूटी हुई हैं और ग्रामीण परेशान हैं।
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि सड़क पर जमा गंदगी के कारण गांव में संक्रामक रोग फैलने का खतरा बढ़ गया है।
इस संबंध में बिल्सी के उप जिलाधिकारी प्रेमपाल सिंह ने बताया कि उक्त समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

विज्ञापन एक्सप्रेस