बिल्सी। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर मंगलवार को प्रधानमंत्री सुरक्षा मातृत्व अभियान के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा 30 से अधिक गर्भवती महिलाओं का विस्तृत परीक्षण किया गया। शिविर के दौरान स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. जयश्री शर्मा ने गर्भवती महिलाओं को आवश्यक परामर्श देते हुए बताया कि इन दिनों सर्दी का मौसम तेजी से बढ़ रहा है, ऐसे में गर्भवती महिलाओं को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ठंड से बचाव न करने पर इसका असर गर्भ में पल रहे शिशु पर भी पड़ सकता है। इसलिए गर्म कपड़ों का प्रयोग करें, ठंडी हवा से बचें और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। डॉ. शर्मा ने खान-पान को लेकर भी महिलाओं को जागरूक किया। उन्होंने संतुलित और पौष्टिक आहार लेने, समय पर भोजन करने तथा चिकित्सकीय सलाह के अनुसार दवाओं का सेवन करने पर जोर दिया। इसके अलावा शिविर के माध्यम से गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच कर उन्हें स्वस्थ मातृत्व और सुरक्षित प्रसव के प्रति जागरूक किया गया। इस मौके पर डॉ. चारू गुप्ता, शशि वाला, अमृता पाल सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

