बिल्सी। भारत सरकार के निर्देश पर रविवार को अंबियापुर ब्लॉक क्षेत्र में पल्स पोलियो अभियान सफलतापूर्वक संचालित किया गया। अभियान के तहत ब्लॉक क्षेत्र के कुल 128 बूथों पर जन्म से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई गई। यह जानकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्सी के अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने दी। उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य क्षेत्र के प्रत्येक बच्चे को पोलियो से सुरक्षित करना है, ताकि देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने की दिशा में प्रयासों को मजबूती मिल सके। डॉ. गुप्ता ने बताया कि जिन बच्चों के अभिभावक आज किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाए हैं, उनके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें सोमवार से घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाएंगी। इसके लिए माइक्रो प्लान के तहत आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और स्वास्थ्यकर्मी संयुक्त रूप से कार्य कर रहे हैं। अभियान के दौरान बूथों पर बच्चों की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलवाएं और अभियान में सहयोग करें, ताकि कोई भी बच्चा छूट न जाए।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

