ओटीएस योजना से उपभोक्ताओं को मिलेगी बड़ी राहत: एसडीओ
रविवार को लगे शिविर में 99 ने कराया ओटीएस, नौ लाख हुए जमा
बिल्सी। क्षेत्र के गांव बमेढ़, खैरातीनगर, सुरसैना, भतरी गोवर्धनपुर व कुंवरगांव में रविवार को विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में विद्युत उपभोक्ता शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों में उपभोक्ताओं ने बिल सुधार, एकमुश्त समाधान (ओटीएस) योजना तथा बकाया जमा कराने से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराईं। एसडीओ जयप्रकाश राजपूत ने शिविरों में पहुंचकर उपभोक्ताओं की समस्याएं मौके पर ही सुनीं और उनका निस्तारण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित ओटीएस योजना उपभोक्ताओं के लिए अत्यंत लाभकारी है। योजना के अंतर्गत बकाया बिजली बिलों पर भारी छूट दी जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को आर्थिक राहत मिल सके। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे समय रहते योजना का लाभ उठाकर अपने बकाया का निस्तारण कर लें। शिविरों के दौरान कुल 99 बकाएदार उपभोक्ताओं का ओटीएस योजना में पंजीकरण कराया गया। वहीं विभाग द्वारा मौके पर ही करीब साढ़े नौ लाख रुपये की बकाया धनराशि भी जमा कराई गई। इस मौके पर अवर अभियंता गजेंद्र पाल सिंह, उमाशंकर, रामस्वरूप, मनोज कुमार, राजेश कुमार, सूरज पटेल सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

