7:37 am Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

बिल्सी में दो दिन से ठप पेयजल आपूर्ति, नलकूप खराबी से लोग परेशान

बिल्सी। स्थानीय नगर पालिका परिषद द्वारा संचालित पेयजल आपूर्ति व्यवस्था पिछले दो दिनों से पूरी तरह चरमराई हुई है। नलकूप संख्या दो में आई तकनीकी खराबी के चलते नगर में जलापूर्ति ठप पड़ी हुई है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पेयजल आपूर्ति बाधित होने से नगर के सभी मोहल्लों में लोगों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। सुबह-शाम पानी न आने से घरों में दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। मजबूरी में लोग हैंडपंप, निजी सबमर्सिबल या फिर दूर-दराज के स्रोतों से पानी लाने को विवश हैं। नगरवासियों का कहना है कि ठंड के मौसम में भी पानी की किल्लत झेलनी पड़ रही है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को अधिक दिक्कत हो रही है। लोगों ने नगर पालिका से शीघ्र जलापूर्ति बहाल करने की मांग की है। इस संबंध में जलकल प्रभारी युधिष्ठिर सिंह ने बताया कि नलकूप में तकनीकी खराबी आ जाने के कारण पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई है। नलकूप को ठीक कराने का कार्य कराया जा रहा है और जल्द ही समस्या का समाधान कर आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस