12:45 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

शिकायत पर सक्रिय हुआ विधिक माप विज्ञान विभाग, की छापेमारी

बिल्सी। घटतोली की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए बुधवार को विधिक माप विज्ञान विभाग की टीम ने नगर में पहुंचकर मुख्य बाजार की कई दुकानों पर औचक निरीक्षण किया। टीम ने तौल उपकरण, बाट-बटखरों और पैकिंग सामग्री की बारीकी से जांच की तथा दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि किसी भी स्थिति में घटतोली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभागीय अधिकारी विनीत कुमार पांडे ने बताया कि एसडीएम को कुछ लोगों ने दुकानों पर घटतोली किए जाने की शिकायत सौंपी थी। इसी के आधार पर टीम ने नगर के प्रमुख बाजारों में चेकिंग अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान एक दुकान पर अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई है। दुकानदारों को चेतावनी दी गई है कि भविष्य में शिकायत मिलने पर सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। नगर के मोहल्ला संख्या आठ निवासी प्रशांत जैन ने मिठाई खरीदते समय खाली डिब्बे का वजन जोड़कर अधिक वसूली करने का आरोप लगाते हुए ज्ञापन सौंपा था। इसी शिकायत के बाद विभाग की टीम ने बुधवार पहुंचकर जांच की। इस दौरान आशीष कुमार, मनवीर चौहान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस