बिल्सी। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे एसआईआर कार्य को समय पर पूर्ण कराने के उद्देश्य से शनिवार को प्रवासी के रूप में तैनात नगर पालिका परिषद के पूर्व अध्यक्ष ओमप्रकाश सागर ने बिल्सी नगर के बूथ संख्या 86 पर पहुंचकर मतदाताओं को जागरूक किया। इस दौरान उन्होंने बूथ क्षेत्र के लोगों से एसआईआर के काम को समय पर पूरी कर सहयोग देने की अपील की। ओमप्रकाश सागर ने बताया कि बूथ पर कुल लगभग 558 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें से बीएलओ मधु माहेश्वरी द्वारा गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं। इनमें से करीब 300 मतदाता अपने गणना प्रपत्र भरकर वापस जमा भी करा चुके हैं। जबकि शेष 258 मतदाताओं को अपना प्रपत्र शीघ्र भरकर जमा करने की अपील की गई है, ताकि आयोग द्वारा निर्धारित समय सीमा में उक्त कार्य पूर्ण कराया जा सके। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग मतदाता सूची के शुद्धिकरण और अद्यतन पर विशेष ध्यान दे रहा है, इसलिए सभी मतदाताओं का सहयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अभियान में सक्रिय भागीदारी कर मतदान प्रक्रिया को सुचारु बनाने में योगदान देने का आग्रह किया।
जमीन पर दंबगों ने किया अवैध कब्जा, पीड़ित ने लगाई गुहार
बिल्सी। वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव रूपपुरा निवासी सुनील पुत्र नत्थूलाल ने अपनी पैतृक जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए शनिवार को स्थानीय कोतवाली पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित ने पुलिस को सौंपे शिकायती पत्र में बताया कि उनकी जमीन बिल्सी क्षेत्र के गांव बन्नी घाट में स्थित है। आरोप है कि पड़ोसी गांव पस्तोर के कुछ दबंगों ने उसकी जमीन पर जबरन कब्जा कर लिया है। उसका कहना है कि विरोध करने पर दबंगों ने उसे धमकाया भी, जिससे परिजनों में दहशत का माहौल है। पीड़ित ने पुलिस से मांग की है कि मौके पर पहुंचकर जांच की जाए और अवैध कब्जा मुक्त कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। वहीं, कोतवाल मनोज कुमार सिंह का कहना है कि शिकायत मिलते ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

