बिल्सी। तहसील के लोक सभागार में बुधवार को एसडीएम प्रेमपाल सिंह की अध्यक्षता में निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे एसआईआर (स्पेशल समरी रिवीजन) कार्य की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिसमें बिल्सी 114 विधानसभा क्षेत्र के सभी सुपरवाइजरों को बुलाया गया था। एसडीएम ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी बीएलओ को अपने-अपने क्षेत्र में एसआईआर का कार्य समय पर पूरा कराने के लिए उनकी समीक्षा करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसडीएम प्रेमपाल सिंह ने निर्देश दिए कि सुपरवाइजर अपने अधीनस्थ बीएलओ के कार्य की नियमित रूप से निगरानी करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी मतदाता वंचित न रह जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि जिन बीएलओ ने अभी तक कार्य प्रारंभ नहीं किया है, उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इस चेतावनी से बीएलओ में हड़कंप मच गया। उन्होंने सभी से कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की त्रुटि या लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बीएलओ से घर-घर जाकर गणना प्रपत्र मतदाताओं को उपलब्ध कराकर अपडेट कराएं। बैठक में तहसीलदार प्रभा सिंह, नायब तहसीलदार बदन सिंह यादव, मोहित कुमार राठी, बीडीओ शैली गोविल, बीईओ गौतम प्रकाश, प्रदीप सक्सेना, सूरज भारती आदि मौजूद रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

