तहसील सभागार में बीएलओ को दिया गया प्रशिक्षण
बिल्सी। सोमवार को तहसील के लोक सभागार एसडीएम प्रेमपाल सिंह ने सभी बूथ लेबिल अधिकारी (बीएलओ) को विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कहा कि सभी बीएलओ एसआईआर प्रक्रिया और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए उक्त कार्य को गंभीरता पूर्वक पूर्ण करें। उन्होंने प्रक्रिया की पारदर्शिता और शुद्धता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी बीएलओ विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण की कार्यवाही के दौरान अपने मतदेय स्थल के समस्त मतदाताओं से सम्पर्क करते हुए प्रत्येक मतदाता को गणना प्रपत्र दो प्रतियों में उपलब्ध कराए और उन्हें गणना प्रपत्र भरने में सहायता प्रदान की जायेगी। बीएलओ प्रत्येक मतदाता के घर-घर जाकर चार नवम्बर से चार दिसबंर तक गणना प्रपत्र वितरण एवं संग्रह करने का कार्य करेंगे। यदि किस बीएलओ को कोई घर बंद अथवा ताला लगा हुआ मिलता है तो वह गणना प्रपत्र को घर के अन्दर स्लिप कर दिया जायेगा और भरा हुआ गणना प्रपत्र प्राप्त करने के लिए कम से कम तीन बार उस घर का भ्रमण किया जायेगा। बीएलओ द्वारा इस बात का भी ध्यान रखा जायेगा कि वृद्ध, बीमार, दिव्यांग, निर्धन एवं अन्य अशक्त समूहों के मतदाताओं को गणना प्रपत्र प्राप्त करने एवं भर कर जमा करने में कोई असुविधा न हो। गणना प्रपत्र का प्रथम भाग आंशिक रूप से पहले से भरा हुआ होगा, जिसमें मतदाता का नाम, एपिक संख्या, भाग संख्या, कम संख्या एवं विधान सभा का नाम एवं राज्य की प्रविष्टियां पहले से ही भरी होंगी तथा फोटो भी पहले से मुद्रित होगा। बीएलओ मतदाता से उसका नवीनतम पासपोर्ट साईज रंगीन फोटो भी गणना प्रपत्र पर चस्पा करवाएगें। इस मौके पर नायब तहसीलदार बदन सिंह यादव, बीईओ गौतम प्रकाश, मोहम्मद मियां समेत कई बीएलओ मौजूद रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

