बिल्सी। ग्राम न्यायालय बिल्सी के तत्वावधान में बृहस्पतिवार को नगर पंचायत भवन इस्लामनगर में मोबाइल कोर्ट का आयोजन किया गया। जिसमें न्यायाधीश अर्जित वर्मा ने विभिन्न वादों की सुनवाई कर 16 का निस्तारण किया। उन्होनें बताया कि मोबाइल कोर्ट का उद्देश्य उन लोगों तक न्याय पहुँचाना है, जो दूरी, आर्थिक स्थिति या अन्य कठिनाइयों के चलते नियमित न्यायालय में नहीं जा पाते। न्यायाधीश ने कहा कि ग्राम न्यायालय अधिनियम 2008 के अंतर्गत चल रही यह पहल ग्रामीण न्याय व्यवस्था को अधिक सशक्त और सुलभ बना रही है। अदालत में कुल 16 वादों की सुनवाई की गई। इनमें से अधिकांश मामलों में पक्षकारों के बीच आपसी समझौते और सहमति से निस्तारण हुआ, जबकि कुछ मामलों में आरोपियों ने स्वयं पर लगे आरोपों को स्वीकार किया। जिसपर न्यायाधीश ने तत्पर निर्णय सुनाया। इससे पीड़ित और अभियुक्त दोनों पक्षों को शीघ्र न्याय प्राप्त हुआ। मोबाइल कोर्ट की कार्यवाही के दौरान पारिवारिक विवादों सहित दंडनीय मामलों का निस्तारण किया गया। इस दौरान अधिवक्ता वागीश माहेश्वरी, प्रमोद कुमार, हरिओम यादव, शिवकुमार सिंह, जीतू आदि ने पक्षकारों को विधिक सहायता प्रदान की। इस मौके पर पेशकार भुवनेश गुप्ता, हर्षित, गौरव कुमार, विजय कुमार, शमसुद्दीन, अजिताभ भारती आदि मौजूद रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

