4:48 pm Wednesday , 22 July 2026
BREAKING NEWS

शहर में आधी रात को जन्मे कन्हाई, मंदिरों में उमड़ा श्रद्धा का सागर

उझानी बदांयू 17 अगस्त।

उझानी में कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। आधी रात को जैसे ही कान्हा जन्मे तो पूरे नगर का वातावरण जयकारों से गुंजायमान हो गया। मंदिरों में देर रात तक भक्तों की भारी भीड़ रही।

अमृत सिद्धि योग, सर्वार्थ सिद्धि योग में जन्मे कान्हा की जय जयकार कण-कण में गूंज उठी। परमानंद के आनंद में आकंठ डूबे भक्त श्रृद्धा से नाचने लगे। धरा और गगन श्याम की भक्ति में मगन हो गए। लाला को पंचामृत स्नान कराकर आरती उतारी गई।

मंदिरों में श्रद्धालुओं की श्रद्धा का सागर उमड़ा। हर सडक पर उमड़ी भीड कन्हैया के दर्शनो की दीवानी नजर आई। आधी रात कन्हैया के दर्शन कर भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर अपना व्रत खोला।

उझानी में जन्माष्टमी का पर्व असीम भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। घरों और मंदिरों में भगवान कृष्ण की मनोहारी झांकियां सजाई गईं। राधा-कृष्ण के मंदिर आस्था के प्रमुख केंद्र रहे। कई जगह माखन का भोग तो कहीं छप्पन भोग लगाया। वहीं लोगों ने तुलसी पत्र, कमल और कनेर के फूल भी चढ़ाए। कई जगह लोग ठाकुरजी को मोर पंख भी चढ़ाते दिखाई दिए। श्रृद्धालुओं के उमड़े सैलाब के चलते लोगों ने जगह-जगह शर्बत, ठंडा पानी,ठंडाई , बिस्कुट आदि के स्टाल लगाकर सेवा की।

शहर के मंदिरों में दर्शन पूजन के लिए देर रात तक भक्तों की लंबी कतार लगी रही। इस दौरान भक्तों ने भगवान कृष्ण से मनोकामना मांगी और उनसे सुख समृद्धि की कामना की। वहीं घरों में भी भक्तों ने भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव मनाया।

शहर के पंचमुखी हनुमान मंदिर एवं ब्रह्मा देव धाम,तुला राम वार्ष्णेय दाऊजी मन्दिर, पुरानी अनाज मंडी का शिव मंदिर, मां संतोषी कृपा मंदिर, हनुमान गढ़ी मंदिर, में जन्माष्टमी धूमधाम के साथ मनाई गई। मंदिर के पास मेले जैसा माहौल नजर आया। शाम से ही भक्तों की भीड़ मंदिर में जुटना शुरु हो गई थी। शाम को मंदिर में भजनों व सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। मंदिरों को रंगबिरंगी लाइटों व सुंदर फूलों से सजाया गया।

रात 12 बजते ही भगवान् कृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया। नंद के आनंद भयो जय कन्हैया लाल की जयकारे लगाए गए। भगवान को अभिषेक कराने के बाद भक्तों को प्रसाद का वितरण किया गया। देर रात तक मंदिरों में भगवान के दर्शन के लिए लाइन लगी रही।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.