।
उझानी बदांयू 13 अगस्त।
रक्षाबंधन के बाद नगर के बाजार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारियों से गुलजार हो गए हैं। दुकानों पर सजे चमचमाते मुकुट, रंगीन बांसुरियां और सुनहरी कमरबंध खरीदने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। खरीदारों में सबसे ज्यादा उत्साह उन माता-पिताओं का है, जो अपने बच्चों को बाल गोपाल के स्वरूप में सजाने की तैयारी में हैं।
16 अगस्त को होने वाले श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के लिए भक्त तैयारियों में जुटे हैं। दुकानदार थोक बाजार से नई खेप मंगवा रहे हैं, जबकि खरीदार पहले से ही जरूरी सामान घर ले जाने में व्यस्त हैं। बाजार का उत्साह, रंगीन सजावट और बच्चों के लिए तैयार श्रृंगार के सामान ने पूरे माहौल को पहले ही कृष्णमय बना दिया है।
इस बार बाजार में छह अलग-अलग डिजाइन के मुकुट खरीदारों को आकर्षित कर रहे हैं। कीमत 20 रुपये से शुरू होकर 100 रुपये तक है। 20 रुपये जोड़ी वाले कुंडल, 20 से 40 रुपये तक के बाजूबंद और 50 से 150 रुपये के कमरबंध भी खूब पसंद किए जा रहे हैं। तीन वैरायटी की बांसुरियां 30 से 50 रुपये के बीच उपलब्ध हैं, जिन पर कृष्ण और राधा-कृष्ण के सुंदर चित्र उकेरे गए हैं। घरों और मंदिरों में सजने वाली झांकियों के लिए भी बाजार में रौनक है। कृष्ण के लिए सजे झूले 100 रुपये से लेकर 1000 रुपये तक उपलब्ध हैं। प्रसाद चढ़ाने के लिए ऊन से सजी प्लास्टिक की डोलचियां 30 से 70 रुपये तक बिक रही हैं।
बाजार में एक से 12 वर्ष तक के बच्चों के लिए तैयार तीन नए डिजाइन की पोशाकें छाई हुई हैं। इनमें पारंपरिक पीली पोशाक, सुनहरी प्रिंट वाली पीली पोशाक और ‘राधा-कृष्ण’ नाम अंकित डिजाइन शामिल है। कीमत 150 से 300 रुपये के बीच है। शापिंग सेंटर के दुकानदार अन्नू वार्ष्णेय ने बताया कि जन्माष्टमी से एक सप्ताह पहले ही ग्राहकों की संख्या बढ़ गई है। बच्चों को कृष्ण के स्वरूप में सजाने का चलन बढ़ा है, इसलिए मुकुट, बांसुरी और पोशाक की मांग ज्यादा है। हम रोज़ नई खेप मंगवा रहे हैं ताकि सामान की कमी न हो।
राजेश वार्ष्णेय एमके।


badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
