3:53 am Sunday , 2 August 2026
BREAKING NEWS

शहीदों के प्रति श्रद्धांजलि एवं राष्ट्रगौरव से ओत-प्रोत ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ का भव्य शुभारम्भ

आज दिनांक 11 अगस्त 2025 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बदायूँ डॉ० बृजेश कुमार सिंह के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में रिजर्व पुलिस लाइन्स, बदायूँ में अमृत महोत्सव के अंतर्गत चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान 2025 को सफल बनाने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करने से हुआ। इस अवसर पर उपस्थित समस्त अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर मातृभूमि की रक्षा में अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले वीर शहीदों के अमर बलिदान को नमन किया गया तथा पुलिस बैण्ड द्वारा राष्ट्रभक्ति गीतों एवं राष्ट्रधुन की सुमधुर प्रस्तुति दी गई, जिसने पूरे वातावरण को देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत कर दिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा हरी झंडी दिखाकर “हर घर तिरंगा यात्रा’ का भव्य शुभारम्भ किया गया। यह यात्रा राष्ट्रगौरव एवं राष्ट्रप्रेम के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में पुलिस बल, एनसीसी कैडेट्स, स्कूली बच्चे, महिला पुलिस कर्मी एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

यात्रा के दौरान राष्ट्रध्वज के साथ देशभक्ति के नारे लगाए गए तथा नागरिकों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने हेतु प्रेरित किया गया। इस अवसर पर संबोधित करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय ने कहा कि “भारत का राष्ट्रीय ध्वज हमारी स्वतंत्रता, एकता और अखंडता का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से हमें न केवल अपने देश के प्रति सम्मान प्रदर्शित करना है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों में भी राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रबल बनाना है।”
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसके पश्चात सभी प्रतिभागियों ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को पूर्ण उत्साह एवं जोश के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में जन प्रतिनिधि भाजपा जिला अध्यक्ष श्री राजीव गुप्ता व जिला पंचायत अक्ष्यक्ष श्रीमती वर्षा यादव, सी.डी.ओ. श्री केशव कुमार, ए.डी.एम (ई) श्री अरूण कुमार, ए.डी.एम (एफ.आर.) श्री वैभव शर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ० कृष्ण कान्त सरोज, सिटी मजिस्ट्रेट श्री सुरेश पाल, पुलिस उपाधीक्षक लाइन डॉ० देवेन्द्र कुमार, पुलिस उपाधीक्षक नगर श्री रजनीश उपाध्याय सहित अन्य राजपत्रित अधिकारी तथा अन्य जनप्रतिनिधि गण उपस्थित रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस