1:51 pm Wednesday , 22 July 2026
BREAKING NEWS

बदायूं – राजकीय महिला महाविद्यालय में विचार गोष्ठी का आयोजन

बदायूं – राजकीय महिला महाविद्यालय, बदायूं में भाषा संवर्धन प्रकोष्ठ के तत्वावधान में संस्कृत सप्ताह के अंतर्गत द्वितीय दिवस पर दिनांक 7 अगस्त 2025 को एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती पूजन एवं सरस्वती वंदना से हुआ। तत्पश्चात महाविद्यालय स्टाफ द्वारा अतिथियों को पौधा देकर स्वागत एवं सम्मान किया गया।

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ० वंदना ने आशीर्वचन प्रदान करते हुए छात्राओं को भारतीय भाषाओं के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम भारतीय भाषाओं के प्रति छात्राओं में एक नवीन चेतना का संचार करते हैं। भाषा संवर्धन प्रकोष्ठ के संयोजक एवं अतिथि परिचयकर्ता डॉ० ऋषभ भारद्वाज ने संस्कृत भाषा में वक्तव्य देते हुए कहा कि संस्कृत एक जटिल नहीं बल्कि अत्यंत सरल भाषा है। इसे जनभाषा बनाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, वेदामऊ संस्कृत महाविद्यालय से सेवाप्राप्त डॉ० राधेश्याम अवस्थी ने अपने उद्बोधन में छात्राओं को भारतीय भाषाओं, विशेषतः संस्कृत, के प्रति रुचि विकसित करने की प्रेरणा दी। उन्होंने संस्कृत के विभिन्न छंदों के उदाहरणों से छात्राओं में नई ऊर्जा का संचार किया।

विशिष्ट अतिथि संस्कृत भारती के श्री प्रदीप दुबे ने भारत सरकार द्वारा संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार हेतु किए जा रहे विविध प्रयासों की जानकारी दी एवं युवाओं को उसमें भागीदारी हेतु प्रेरित किया।

कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी संचालन संस्कृत भाषा में डॉ० भावना सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की वरिष्ठ प्राध्यापिका डॉ० अर्चना पांडेय, डॉ० सतीश कुमार, डॉ० बृजेश कुमार, कु० सरिता गौतम सहित समस्त शिक्षणेत्तर कर्मचारीगण एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.