वेद प्रचारक सुबोध सागर जौहरी की मनाई गई जयंती
सुप्रसिद्ध वेद प्रचारक, एवं शास्त्रार्थ निपुण श्री सुबोध सागर जौहरी की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर योग शिक्षक हरिओम वर्मा ने वेद मंत्र की व्याख्या करते हुए बताया कि इस संपूर्ण जगत में ईश्वर का वास है हमें इस विश्व के प्रत्येक पदार्थ का उपभोग त्याग पूर्वक करना चाहिए।
भूपेंद्र पाल सिंह एडवोकेट ने वेद मंत्र की व्याख्या करते हुए कहा कि हे परमपिता परमात्मा आप हमको इतना ज्ञान शक्ति और साहस प्रदान करें कि हम संपूर्ण जगत को आर्य श्रेष्ठ बना सके।
श्री सुबोध सागर जौहरी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए विवेक जौहरी ने कहा कि उनके पिता स्वर्गीय श्री सुबोध सागर जौहरी ने आजीवन ईमानदारी सच्चाई और साहस का परिचय दिया है। उनका जीवन स्वाध्याय और सत्संग में ही व्यतीत हुआ और जीवन के अंतिम पलों में भी वे सोशल मीडिया के माध्यम से वेद प्रचार में संलग्न रहे और लोगों की जिज्ञासा को शांत करते रहे। गत वर्ष 27 मार्च को आप परलोक सिधार गए।
आपकी मान्यता थी कि भारत के लोगों को विशेष कर हिंदुओं को रोटी कपड़ा और मकान की आवश्यकता नहीं है इन्हें धर्म की आवश्यकता है जिससे ये विमुख हो चुके हैं और निरंतर अवनति की ओर बढ़ रहे हैं ।इसलिए अधिक से अधिक वैदिक धर्म का प्रचार प्रसार होना चाहिए जिससे सभी लोग सुखी, समृद्ध हो सके। आपस में बैर भाव ,उच्च नीच, छुआछूत, जातिवाद ,भ्रष्टाचार व अकर्मण्यता का उन्मूलन हो सके। सभी सुखपूर्वक रह सके।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक ईश्वर स्तुति प्रार्थना उपासना के साथ तथा समापन शांति पाठ के साथ हुआ।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com