8:15 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

सुबह से ही गर्मी ने किया बेहाल, दोपहर चली हवाओं से राहत

उझानी बदांयू 13 जून।

भीषण गर्मी से लोग बेहाल हैं। सुबह से ही चिलचिलाती धूप के कारण लोगों का घरों से निकलना भी दूभर हो गया। घरों के अंदर कूलर एसी फेल हो गए हैं। पंखे गर्म हवा दे रहे हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि अभी गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं। मगर आज दोपहर बाद बादलों की आवा-जाही व हवाओं के चलने से गर्मी में व्याकुल लोगों को कुछ राहत महसूस हुई।

गर्मी का सितम लोगों के स्वास्थ्य पर भी भारी पड़ रहा है। बृहस्पतिवार को दिनभर धूप झुलसाती रही। तेज धूप के साथ-साथ लू भी लोगों को बेहाल कर रही है। लोग खुद को कपड़ों से ढक कर गर्मी से बचाव का प्रयास करते दिखे। इंसानों के साथ-साथ पशु-पक्षी भी बेहाल हैं। दोपहर का न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम बैज्ञानिकों की मानें तो फिलहाल इस सप्ताह ऐसा ही मौसम रहने वाला है। लोगों को राहत मिलने की उम्मीद दिखाई नहीं दे रही है।

बिजली कटौती व लो वोल्टेज की समस्या से उपभोक्ता परेशान

गर्मी में अघोषित बिजली कटौती व लो वोल्टेज की समस्या से उपभोक्ता परेशान हैं। नगर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की आंख-मिचौली से लोगों की रातों की नींद व दिन का सुकून छिन गया है। वजह, नगर की बिजली आपूर्ति पुराने जर्जर बिजली तारों व कम क्षमता के ट्रांसफाॅर्मरों पर टिकी है। अफसर धरातल पर उतरने के बजाय कागजों में सब कुछ ठीकठाक होने का दावा कर रहे हैं।

साहूकारा निवासी राजेंद्र वार्ष्णेय उर्फ राजू भूटानी ने बताया है कि दिन की बात तो दूर रात में भी बिजली लगातार नहीं मिल रही है। प्रतिघंटा में दो से तीन बार ट्रिपिंग हो रही है।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस