1:50 pm Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी – गर्मी का सितम -नौतपा तो नहीं तपा, अब गर्मी दिखा रही तेवर

उझानी बदांयू 11 जून।

नौतपा में सूरज के तेवर ढीले रहे, लोगों को गर्मी का एहसास नहीं हुआ लेकिन अब पारा चढ़ता जा रहा है। बुधवार को भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि, मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार से 43 डिग्री के पार तापमान पहुंचने का पूर्वानुमान जताया है। ऐसे में गर्मी लोगों को और सताएगी।

जिले में लगातार गर्मी का प्रकोप बढ़ रहा है। इससे सूरज की तपिश के साथ ही लोगों को लू के थपेड़ों का भी सितम झेलना पड़ रहा है। बुधवार को साप्ताहिक बंदी का दिन होने से कामकाजी लोग ही घरों से निकले। इसके चलते सड़कों पर सन्नाटा रहा। बाजारों में लोग शीतल पेय पदार्थ से गला तर करते नजर आए। सुबह आठ बजते ही गर्मी का सितम शुरू हो गया, जो शाम तक जारी रहा। फिलहाल अभी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। लोग कूलर या एसी का सहारा ले रहे हैं। मौसम के मिजाज ने लोगों के दिन-रात का सुकून छीन लिया है।

लोग दिन में धूप और रात में उमस से आजिज आकर अच्छे मौसम की दुआएं मांग रहे हैं। जरूरी काम से ही चिलचिलाती धूप में लोग घर से निकल रहे हैं। बुधवार को तेज धूप लोगों को सफर करने से रोक रही और रात में उमस ने परेशान किया है ।

मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि बृहस्पतिवार से और गर्मी सताएगी। ऐसे में दोपहर का तापमान 43 डिग्री के पार पहुंचने की आशंका है। तीन दिन तक लगातार यह सिलसिला चलेगा। इसके बाद लोगों को राहत मिलेगी। 14 और 15 जून को बारिश की भी संभावना जताई जा रही है।

राजेश वार्ष्णेय एमके

विज्ञापन एक्सप्रेस