3:31 pm Thursday , 30 July 2026
BREAKING NEWS

बरेली से जयपुर जा रही डबल डेकर बस पेड़ से टकराकर पलटी,चालक की मौत 35 घायल

उझानी बदांयू 20 मई।
परिवहन विभाग व पुलिस की निष्क्रियता के चलते बीती रात एक बजे के आस-पास
बरेली से जयपुर जा रही डबल डेकर बस बरेली मथुरा हाइवे पर उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव दहेमू पुलिया के पास चालक के नियंत्रण खोने से अचानक पेड से जा टकराई व पलटने से एक की मौत और 35 यात्री घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार बरेली के जादवपुर निवासी हाजी अली की डबल डेकर बस जयपुर जा रही थी। बताते हैं कि तीव्र गति से जा रही बस अचानक पेड़ से जा टकराई व पलट गई। हादसे में चालक सुल्तान 35 पुत्र अशरफ निवासी नोगंवा पकडिया जिला पीलीभीत की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बस में सवार रुखसाना 25 अरमान 6, जुनैद 20 ईशा 25, मोईनुद्दीन 25,इरम 24, युविका राजपूत 16, मुकेश 40,आमिद 45,रमजानी60,नेहा 18, गुड़िया 32, दानिश, कृष्णा,दीवान चंद,अवनेश सहित 35 सवारियां घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर नीरज मलिक रात में ही मौके पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राजकीय मेडिकल कालेज जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं मृतक चालक के शव को पुलिस ने पोस्टमॉर्टम को भेजा है।

घटना की सूचना मिलते ही डीएम अवनीश कुमार राय एसएसपी डॉ बृजेश कुमार सिंह ने रात में ही घटना स्थल का निरीक्षण किया वहीं राजकीय मेडिकल कालेज पहुंच कर घायलों का हालचाल जान कर चिकित्सकों को बेहतर इलाज मुहैया कराने का आदेश दिया।————————— राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस