बदांयू 27 अप्रैल।
अक्षय तृतीया 30 अप्रैल को मनाई जाएगी। इसे लेकर छोटे-बड़े बाजारों के सर्राफा कारोबारी इसकी तैयारी में जुट गए हैं। इस दिन लोग सोने के आभूषण खरीदना शुभ मानते हैं। सोने में आई तेजी के चलते बाजार में हल्के वजन के गहनों की मांग ज्यादा है। कानों की झुमकी व बाली से लेकर ब्रांडेड कंपनियों की अगूंठी, चेन, टॉप्स और हार की मांग अधिक होने के चलते व्यवसायी अभी से तैयारियों में जुट गए हैं।
दुकानदारों का मानना है कि सहालग के दौर के बीच अक्षय तृतीया का त्योहार होने के चलते बंपर खरीदारी होगी। इसलिए हर प्रकार के गहनों से दुकानों को सजाया जा रहा है। इसमें हल्के वजन वाले गहनों की मांग सबसे ज्यादा होने के कारण इसी के अनुसार तैयारी भी की जा रही है। कारोबारियों ने ग्राहकों को रिझाने के लिए स्पेशल ऑफर गिफ्ट भी तैयार किए हैं।
सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी
सोने की कीमतों में लगातार उतार चढ़ाव जारी है। वर्तमान में 24 कैरेट सोना 99,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव से बिक रहा है। कीमतें औसत से अधिक हैं, लेकिन इनमें उतार चढ़ाव काफी हो रहा है। माना जा रहा है कि अक्षय तृतीय पर 24 कैरेट सोने का भाव एक लाख रुपये से अधिक होगा। वहीं, चांदी 96,000 रुपये प्रति किलोग्राम तक बिक रही है।
सोने चांदी के कारोबारियों का कहना है कि पिछले दो सालों से अक्षय तृतीया पर खरीदारी का चलन बढ़ा है। लोग सोशल मीडिया को देखकर उसका अनुसरण करते हैं। कभी अक्षय तृतीया पर 50 से 100 ग्राम वजन के सोने के सेट की मांग हुआ करती थी। मगर, सोने की महंगाई ने खरीदारों को हल्के सोने के सेट खरीदने के लिए मजबूर कर दिया है। ऐसे में ग्राहक आठ ग्राम सोने में टॉप्स और हार तैयार कराते हैं।
अक्षय तृतीया और आगामी शादियों के मौसम को देखते हुए लोग सोने में निवेश बढ़ा रहे हैं। पहले यह अनुमान लगाया जा रहा था कि कीमतों में वृद्धि से खरीदारी पर असर पड़ेगा। इसलिए लोग भविष्य में मुनाफे की संभावना को देखते हुए लोगों ने सोने में लगातार निवेश किया है, लेकिन आज कल की युवा पीढ़ी हल्के वजन के गहने ही खरीदना पसंद कर रही है।
धार्मिक दृष्टिकोण से अक्षय तृतीया सालभर की सबसे शुभ तिथियों में से एक है, जो विशेष रूप से किसी भी मांगलिक कार्य जैसे विवाह, गृह प्रवेश या नए व्यापार की शुरुआत के लिए उपयुक्त मानी जाती है। इस दिन सोने की खरीदारी का भी महत्वपूर्ण महत्व है। यह दिन विशेष रूप से भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है- राजेश शर्मा, ज्योतिषाचार्य।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
